वैशाली- घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की पीट पीट कर की हत्या, हुआ फरार!

SHARE:

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!

बिहार के वैशाली में घरेलू विवाद में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में पति ने अपनी पत्नी 22 वर्षीय महिला आशा देवी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी । वारदात के बाद आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्यों के घर से फरार हो गया। घर में मृतका की पांच साल की मासूम बेटी अकेली मिली, जिसने अपनी मां के साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी।
मृतका की पहचान आशा देवी, पिता गणेश पासवान, के रूप में हुई है। उसका मायका राघोपुर के जुरावनपुर थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर वार्ड-12 में है। करीब ढाई साल पहले उसकी शादी मथुरापुर निवासी सुजीत पासवान से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, आशा और सुजीत दोनों की यह दूसरी शादी थी। सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी और उससे दो बच्चे हैं। वहीं, आशा के पहले पति की भी बीमारी से मौत हो गई थी। उसकी पांच वर्षीय बेटी अंशिका कुमारी उसके साथ रहती थी। मृतका के पिता का आरोप है कि बच्चों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आशा की मां ने आरोप लगाया कि शादी के करीब छह महीने बाद उसके पति का व्यवहार बदलने लगा और उसके साथ मारपीट की जाने लगी। परिजनों का दावा है कि पिछले पांच दिनों से आशा को खाना तक नहीं दिया जा रहा था। मां के मुताबिक, घटना से एक रात पहले करीब नौ बजे आशा ने फोन कर उसे मायके ले जाने की गुहार लगाई थी। उसने आशंका जताई थी कि उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। परिजनों ने सुबह ले जाने की बात कही, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली। मृतिका की पांच वर्षीय अंशिका ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद उसके पिता ने डंडे से मां को मारा। बच्ची के अनुसार, उस समय दादी घर पर नहीं थीं और दादा भी मौजूद नहीं थे। घटना के बाद घर के लोग वहां से चले गए। सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है।पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की परिस्थितियों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Join us on: