गयाजी- विकास मित्र को घेरकर गोलियों से किया छलनी, मौके पर ही मौत, दो हिरासत में!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

गया। डेल्हा थाना क्षेत्र में रविवार रात अपराधियों ने प्रार्थना से घर लौट रहे विकास मित्र शंकर मांझी (45) को घेरकर गोलियों से भून दिया। बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास हुई वारदात में शंकर को तीन गोलियां लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के वक्त उनकी पत्नी कविता देवी भी साथ थीं। पत्नी ने कुछ लोगों पर पुरानी दुश्मनी में हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
बताया गया कि शंकर मांझी अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी में ईसा मसीह की प्रार्थना में शामिल होने गए थे। रात में दोनों पैदल घर लौट रहे थे। शंकर पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे थे। इसी दौरान बगीचा के पास घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पत्नी कुछ समझ पातीं, उससे पहले शंकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक, शंकर को पेट में दो और माथे में एक गोली लगी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी अभिनव कुमार और डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच करेगी।

मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वालों में रघु की पहचान वह कर सकती हैं। उन्होंने सुनीता देवी और गोपाल पासवान पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पत्नी के अनुसार, बंटी और रघु समेत तीन-चार लोगों ने मिलकर शंकर पर हमला किया। कविता का आरोप है कि शंकर की कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी थी। वह मोहल्ले में गलत गतिविधियों का विरोध करते थे और लोगों को समझाते थे। इसी वजह से कुछ लोग उनसे नाराज थे।

पत्नी ने आरोप लगाया कि सुनीता देवी मोहल्ले में बाहर से लोगों को बुलाकर रखती थी और शराब से जुड़ी गतिविधियां भी होती थीं। शंकर इन गतिविधियों का विरोध करते थे। इसी को लेकर उनके साथ कुछ लोगों का विवाद और पुरानी रंजिश थी। हालांकि, पत्नी द्वारा लगाए गए इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे शंकर मांझी को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। परिजनों के शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को मिले हैं, जिनके आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। सिटी एसपी ने कहा कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
बाईट – – – मृतक के पत्नी
बाईट – – – अभिनय कुमार
सिटीएसपी गया
रिपोर्ट – – – जितेंद्र कुमार
गया

Join us on: