रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के बीस्फी थाना क्षेत्र मे सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराते और हथियार के साथ नृत्य करते हुए वीडियो पोस्ट करना युवकों को महंगा पड़ गया। बिस्फी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि- विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले में एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है। वही फरार बताए जा रहे हथियार रखने वाले युवक की तलाश जारी है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिस्फी थाना क्षेत्र के धजवा गांव का नंदकिशोर यादव के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को जिला सोशल मीडिया सेल के माध्यम से बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार को एक वीडियो मिला था। वीडियो में कुछ युवक अवैध हथियार लहराते हुए और हथियार के साथ नृत्य करते दिख रहे थे। आगे थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने तत्काल वीडियो का सत्यापन कराया। जांच में वीडियो में दिख रहे प्रियांशु कुमार और एक बालक की पहचान बिस्फी थाना क्षेत्र के धजवा गांव का रहने वाले के रूप में हुई। पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्वाई करते हुए वाहन जांच के दौरान दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में हथियार औसी थाना क्षेत्र के एक बालक के पास होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने प्राप्त जानकारी के बाद हथियार बरामद करने के उद्देश्य से उसके घर की घेराबंदी कर उसे भी अभिरक्षा में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस विक्रम यादव उर्फ रोहित के घर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही एक युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घर की तलाशी के दौरान कमरे में बने रैक के नीचे रखे बक्से से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में बिस्फी थाना कांड संख्या 217/26, दिनांक 03 अक्टूबर 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।




