:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना ओपी अंतर्गत मोकिमपुर गांव में बुधवार रात दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान हुई फायरिंग में 27 वर्षीय युवक दशरथ यादव की जांघ में गोली लग गई। घायल युवक को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। गोली जांघ में फंसे होने की बात परिजनों ने बताई है।
परिजनों के अनुसार, दशरथ यादव बुधवार को ही सूरत से गांव लौटा था। वह सूरत में मजदूरी करता है। रात में खाना खाने के बाद वह बथान की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और फायरिंग हो रही थी। परिजनों का कहना है कि इसी दौरान एक गोली दशरथ की जांघ में लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और घायल युवक से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने विवाद के दौरान करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बाइट – परिजन एवं जख़्मी



