रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
गया के शेरघाटी में युवक-युवती के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ा है, जिनमें चार नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। एसएसपी सुशील कुमार ने साफ कहा है कि बिना चेहरा ढके वीडियो वायरल करने वालों और यूट्यूब पर इसे प्रसारित करने वालों की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, सोमवार को शेरघाटी थाना क्षेत्र के चांपी गांव के महुआडीह पहाड़ी के समीप एक युवक और युवती घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि युवती के साथ रहे युवक के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, युवक की गाड़ी की चाबी भी छीन ली गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सबसे पहले युवक और युवती की पहचान की और उनकी शिकायत के आधार पर शेरघाटी थाने में मामला दर्ज किया।
इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।
पुलिस की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है, जिससे घटना का वीडियो बनाया गया था।
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि घटना में शामिल युवक और युवती दोनों बालिग़ हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो वायरल करने के दौरान पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक करना गंभीर विषय है। ऐसे लोगों की भी जांच की जा रही है, जिन्होंने बिना चेहरा ढके वीडियो को सोशल मीडिया या यूट्यूब पर प्रसारित किया है।
पुलिस अब पूरे मामले में वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से लेकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों तक की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बाइट — सुशील कुमार, एसएसपी गया



