रिपोर्ट- प्रमोद/सिवान!
सीवान के गुठनी में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर से करीब 13 लाख 50 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर से कुल 1728 लीटर शराब जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुठनी चौराहा के समीप मेहरौना मुख्य मार्ग पर यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकरपुर चेकपोस्ट के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मेहरौना मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर आटा और कंबल के बीच तहखाना बनाकर छिपाई गई शराब बरामद हुई। कंटेनर से 200 कार्टन में कुल 1728 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र निवासी चालक वीरेंद्र राय को गिरफ्तार किया है। शराब की इस खेप की डिलीवरी पटना में की जानी थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
बाइट- आनंद मोहन गुप्ता, एसडीपीओ मैरवा।




