रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर: सदर थाना क्षेत्र के गोबरशाही चौक स्थित एक होटल के कमरे में सोमवार को 27 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिला। महिला पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरी थी। सोमवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने दूसरे कमरे की बालकनी से अंदर देखा तो महिला फंदे से लटकी मिली। सूचना पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर कमरे से साक्ष्य जुटाये गये। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतका की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के अमजदपुर पिढ़ौली गांव के वार्ड-3 निवासी मदन कुमार की पत्नी निगम कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे वह होटल लौटी थी और अपने कमरे में चली गयी। सोमवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दूसरे कमरे की बालकनी से देखने पर निगम कुमारी फंदे से लटकी मिली।
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि निगम कुमारी ने रविवार को ही तेघड़ा थाने में पति मदन कुमार और ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा व शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना की लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद वह मुजफ्फरपुर आई थी। होटल में जमा आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई। पुलिस शिकायत से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
परिजन के अनुसार, निगम कुमारी की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। वह पति से अलग अहमदाबाद में रहती थी और रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर काम करती थी। उसके दो बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं।
मृतका के भैंसुर प्रभात कुमार ने बताया कि निगम कुमारी हाइपरटेंशन की समस्या से परेशान थी। वह होमियोपैथिक चिकित्सक से इलाज करा रही थी। इसी सिलसिले में मुजफ्फरपुर आई थी और होटल में ठहरी थी। उन्होंने बताया कि वह पति से अलग अहमदाबाद में रहती थी और वहीं रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के रूप में काम करती थी। उसके दो बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं।
होटल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि निगम कुमारी के साथ प्रभात कुमार नामक एक व्यक्ति ने भी कमरा लिया था। वह दो दिन बाद होटल से चला गया था। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है। होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि होटल के कमरे से महिला का शव बरामद हुआ है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाये गये हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।




