रिपोर्ट – अमित कुमार!
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि ऐसा कोई दिन नहीं है जब हत्या ना हो रहा हो, अपराध ना हो रहा हो। इस सरकार में जब से एनडीए की सरकार, भाजपा की सरकार बनी है, जब से सम्राट चौधरी उप-मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अपराध जो है बढ़ चुका है। अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं, अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और लोगों को, निर्दोषों को न्याय नहीं दिला पा रही है।
तेजस्वी यादव का यह बयान केवल एक आरोप नहीं बल्कि उनकी आगे की राजनीतिक रणनीति का संकेत भी है। हाल के दिनों में सिवान, पटना, भोजपुर और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों से हत्या, गोलीबारी और लूट की लगातार खबरें सामने आई हैं। इसी को आधार बनाकर विपक्ष सरकार को घेरना चाहता है।
इस बयान से पहले एक पोलो रोड स्थित आवास पर महागठबंधन के विधायकों की एक अहम बैठक भी हुई थी। बैठक में तेजस्वी यादव ने सभी विधायकों से कहा था कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुई आपराधिक घटनाओं की पूरी सूची तैयार करें, पीड़ित परिवारों से मिलें और उन मामलों को विधानसभा के आगामी सत्र में मजबूती से उठाएं। बैठक में यह तय किया गया कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार से केवल सवाल ही नहीं पूछे जाएंगे बल्कि जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरकर आंदोलन भी किया जाएगा और राजभवन मार्च तक किया जाएगा।
राजद का मानना है कि सरकार अपराध के आंकड़ों को छिपा रही है जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। वहीं सरकार का पक्ष है कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और कई मामलों में त्वरित गिरफ्तारी हुई है। अब इस पूरे मुद्दे पर विधानसभा में तीखी बहस होने की उम्मीद है।



