भोजपुर- एम्बुलेंस के गुप्त तहखाने से 388 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार।

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!

आरा। 12 सितंबर 2026
भोजपुर में शराब तस्करी के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर एक मारुति सुजुकी इको एम्बुलेंस में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई में हरियाणा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा के आदेश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा की ओर से एम्बुलेंस के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है।
सूचना के बाद सहायक आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 11 सितंबर को बक्सर-पटना फोरलेन स्थित रतनपुर यात्री शेड के समीप आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान यूपी नंबर UP23T-7851 की मारुति सुजुकी इको एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस में बनाए गए गुप्त तहखाने से ब्लू स्टोक व्हिस्की 180 एमएल की 1632 बोतलें तथा ओल्ड हैबिट व्हिस्की 180 एमएल की 528 बोतलें बरामद की गईं। इस तरह कुल 2160 बोतलों में 388.800 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार शराब की खेप हरियाणा से पटना की ओर ले जाई जा रही थी। मामले में एम्बुलेंस चालक अजय समेत दिनेश और गोपाल को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी हरियाणा के निवासी बताए जाते हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा के अलावा मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे।
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और वाहन जांच अभियान लगातार जारी है तथा आगे भी तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: