रिपोर्ट – अमित कुमार!
रिश्वत लेते नौबतपुर के आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार
जनवितरण दुकानदार से हर माह ऑडिट के नाम पर मांगी थी 8 हजार की रिश्वत
प्रखंड कार्यालय में ही निगरानी टीम ने रंगे हाथ दबोचा
पटना के नौबतपुर प्रखंड कार्यालय में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निगरानी विभाग की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी यानी एमओ विनोद कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि जनवितरण प्रणाली के दुकानदार से हर महीने ऑडिट के नाम पर 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की और आरोपी पदाधिकारी को उनके कार्यालय से ही गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक आदित्य राज के मुताबिक, नौबतपुर प्रखंड के बारा गांव निवासी जनवितरण प्रणाली दुकानदार अवधेश शर्मा के भतीजे कृष्णकांत कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जनवितरण प्रणाली की दुकान का हर महीने ऑडिट किया जाता है और इसी ऑडिट के सिलसिले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार द्वारा दुकानदार से 8 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद आरोपी पदाधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
बुधवार को निगरानी विभाग की टीम नौबतपुर प्रखंड कार्यालय पहुंची। जैसे ही आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।
फिलहाल निगरानी विभाग की टीम आरोपी पदाधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय और आपूर्ति विभाग से जुड़े कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
बाइट: आदित्य राज, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी विभाग




