रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
गया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये की रंगदारी के लिए युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शोभा देवी ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर तक परिजनों से फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। बाद में परिजनों को फोन और मैसेज के जरिए 27 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई।
मामले की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहयोग के आधार पर करीब 8 से 12 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान अपहरण की साजिश में शामिल दो पुरुष और एक महिला समेत आरोपियों को पकड़ा गया है।
Instagram पर प्रेमजाल बिछाकर बनाया था शिकार
जांच में पुलिस के सामने आया कि युवक को कथित तौर पर Instagram के जरिए टारगेट किया गया। एक महिला ने उससे बातचीत शुरू कर प्रेम संबंध का झांसा दिया और मिलने के लिए सिकरिया मोड़ बुलाया। वहां पहुंचने के बाद युवक का अपहरण कर लिया गया और उसका मोबाइल बंद कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अपहरण के पीछे पैसे की वसूली का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस युवक का अपहरण किया गया, उसके पिता से नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ रकम ली गई थी। इसी बकाया रकम को वसूलने के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रची गई और फिर परिवार से 27 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई।
नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि एसएसपी के स्पष्ट निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को बरामद कर लिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




