नवादा-धर्मशीला देवी अस्पताल सील, जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

नवादा। नगर स्थित धर्मशीला देवी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल को जिला प्रशासन ने शुक्रवार की शाम सील कर दिया। अस्पताल के खिलाफ मिली शिकायतों और स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।

अस्पताल को सील किए जाने की कार्रवाई के दौरान परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही। बताया गया कि नवादा सदर विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कराई थी। वहीं, कई मरीजों के परिजनों ने भी अस्पताल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही और प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें की थीं।

शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई। जांच के दौरान अस्पताल में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

सदर बीडीओ दुनिया लाल यादव ने बताया कि अस्पताल को सील करने की कार्रवाई के लिए उन्हें मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। उनके साथ सदर अस्पताल के एसीएमओ और चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अस्पताल को सील किया।

बताया जाता है कि इसी वर्ष मार्च में विधायक विभा देवी के पुत्र अखिलेश कुमार की मौत के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और प्रबंधन पर कथित चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगे थे। इसके बाद विधायक की शिकायत पर उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की गई।

विधायक विभा देवी ने कहा कि अस्पताल के खिलाफ उनकी लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि उन परिवारों के लिए है, जिन्होंने कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण अपने स्वजनों को खोया है।

Join us on:

और पढ़ें