रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
मास्टरमाइंड के बाद सातवां आरोपी भी गिरफ्तार, दीपनगर डकैती कांड में पुलिस की बड़ी सफलता
नालंदा जिला के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर हुई सवा करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांड में शामिल सातवें आरोपी स्व. किशोरी महतो के बेटे मुकेश कुमार उर्फ अभिराज उर्फ पुतुल को गिरफ्तार कर लिया है।
दीपनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जोरारपुर गांव में छापेमारीकर आरोपी को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से डकैती के 2 लाख रुपये नकद और सोने के कंगन बरामद किए गए हैं।
सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि वारदात के बाद पुलिस की दबिश से बचने के लिए मुकेश कुमार दिल्ली भाग गया था। पुलिस उसकी तकनीकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। हाल ही में उसके गांव लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस डकैती कांड में कुल 15 बदमाशों की संलिप्तता सामने आई है। अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि 8 आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इससे पहले पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड अजीत सिंह और उसके करीबी राजेश झा उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया था। लंगड़ा को नवादा के वारिसलीगंज से 1 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था। इसके अलावा संजीव, बिट्टी, आदित्य और कारोबारी के घर की कथित तौर पर मुखबिरी करने वाले पूर्व ड्राइवर को भी पुलिस जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक 19.43 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इसमें पहले गिरफ्तार पांच आरोपियों से 16.43 लाख रुपये, लंगड़ा से 1 लाख रुपये और मुकेश से 2 लाख रुपये शामिल हैं।
नकदी के अलावा पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर अब तक 450 ग्राम सोने के आभूषण, 7 किलो चांदी, डायमंड और प्लैटिनम के कीमती जेवर भी बरामद किए हैं।
पुलिस का दावा है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद डकैती में लूटी गई बाकी संपत्ति की भी बरामदगी की जाएगी। फिलहाल पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है और फरार आठ आरोपितों की तलाश में जुटी है।



