खारदुंगला दर्रे के पास भूस्खलन में बिहिया के दो युवकों की दर्दनाक मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा /भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के दो होनहार युवकों की लेह-लद्दाख घूमने के दौरान भूस्खलन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार की दोपहर नुब्रा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध खारदुंगला दर्रे के समीप हुआ। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लेह-लद्दाख की वादियों में घूमने निकले थे।

बताया जाता है कि खारदुंगला दर्रे के समीप अचानक भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं बचाव दल की ओर से आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही बिहिया पहुंची, उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और बाइक से लेह-लद्दाख की यात्रा पर निकले थे। छुट्टियों के दौरान घूमने निकले दोनों दोस्तों को इस तरह दर्दनाक हादसे का शिकार होना क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद दुखद है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में मातम का माहौल बना हुआ है।

Join us on: