रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
खगड़िया में आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर द्वारा अनुमंडल कार्यालय, सदर खगड़िया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर, पुलिस अधीक्षक श्री भानु प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा आयुक्त महोदय को अनुमंडल कार्यालय के विभिन्न कार्यों, अभिलेखों एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
आयुक्त द्वारा कार्यालय की साफ-सफाई एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर एवं सभी शाखाओं में स्वच्छ एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखा जाए तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों का समुचित एवं सुरक्षित संधारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में विभिन्न शाखाओं में लंबित कार्यों एवं मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना नहीं करना पड़े।
आयुक्त द्वारा न्यायालय से संबंधित वादों की भी समीक्षा की गई। न्यायालय से संबंधित मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा लंबित वादों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही राजस्व शाखा के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। राजस्व से संबंधित मामलों के निष्पादन, अभिलेखों के संधारण तथा आम नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। हल्का राजस्व एवं अमीन से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने, संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को अद्यतन रखने तथा आगामी निर्वाचन कार्यों के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में नीलाम पत्र शाखा से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। नीलाम पत्र से संबंधित लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त ने कार्यालय के समग्र कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को जवाबदेही, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडलीय पदाधिकारी, शाखा प्रभारी, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। आयुक्त द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।



