डीएम के औचक निरीक्षण में मध्य विद्यालय में मिली कई अनियमितताएं!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को मध्य विद्यालय डपरखा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डपरखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मध्य विद्यालय डपरखा में पदस्थापित कुल 11 शिक्षकों में से सात शिक्षक उपस्थित पाए गए। शिक्षिका सुषमा रामनाथ डाइट, बसहा में प्रशिक्षण के लिए गई हुई थीं। वहीं शिक्षिका सरिता कुमारी 17 जुलाई 2026 से अनधिकृत रूप से विद्यालय से अनुपस्थित पाई गईं। दो शिक्षिकाएं इंदु कुमारी एवं पायल कौर विशेष अवकाश पर थीं। निरीक्षण के दौरान जुलाई माह में भी दोनों शिक्षिकाओं के विशेष अवकाश पर रहने की बात सामने आई। जिलाधिकारी ने अनधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विद्यालय परिसर एवं कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कई वर्ग कक्षों में रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। कुछ कक्षों में एक भी बल्ब या ट्यूबलाइट नहीं लगी थी, जिसके कारण बच्चे अंधेरे में पढ़ाई करते पाए गए। विद्यालय को विभिन्न मदों में प्राप्त आवंटन के विरुद्ध कराए गए कार्यों के संबंध में प्रधानाध्यापक द्वारा भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका।
पठन-पाठन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान आठवीं कक्षा की एक छात्रा से राज्य का नाम पूछे जाने पर वह सही जवाब नहीं दे सकी। इससे विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मध्याह्न भोजन मेन्यू के अनुसार बनता हुआ पाया गया, लेकिन भोजन की मात्रा को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई। छात्र उपस्थिति पंजी में कक्षा एक से पांच तक 98 तथा कक्षा छह से आठ तक 96 छात्रों की उपस्थिति दर्ज थी। इसके बावजूद मध्याह्न भोजन काफी कम मात्रा में तैयार किया जा रहा था। चना की सब्जी के लिए मात्र 1.5 किलोग्राम चना का उपयोग किया गया था, जो निर्धारित मानक की तुलना में काफी कम पाया गया। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए मध्य विद्यालय डपरखा के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डपरखा का भी निरीक्षण किया। यहां रसोईघर की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि, विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज को निर्देश दिया कि किसी निकटवर्ती विद्यालय से कंप्यूटर शिक्षक की प्रतिनियुक्ति कराकर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कंप्यूटर कक्षा शीघ्र शुरू कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता एवं योजनाओं के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Join us on: