रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिला के बेनीपट्टी के सिद्धपीठ उच्चैठ में वर्षों से अतिक्रमण कर वास कर रहे भूमिहीनों को जमीन मुहैया कराई जा रही है। बेनीपट्टी प्रखंड परिसर स्थित मेघदूतम सभागार में पूर्व मंत्री सह भाजपा विधायक विनोद नारायण झा और भाजपा विधान परिषद सदस्य घनश्याम ठाकुर के हाथों भूमिहीनों को बंदोबस्ती का पर्चा दिया गया। जानकारी के अनुसार ये सभी उच्चैठ मंदिर के इर्द गिर्द जमीन पर अवैध रूप से वास कर रहे थे। छह माह पूर्व जिलाधिकारी के आदेश पर अंचल प्रशासन ने उच्चैठ में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की थी। हालांकि, अतिक्रमण कर घर बनाकर रह रहे लोगों के वास के लिए जमीन देने की घोषणा हुई थी। बताया गया था, की बिना पर्चा दिए किसी का अतिक्रमित भाग को नहीं हटाया जाएगा। बताया जा रहा है कि, मंगलवार को रिंकू देवी, काजल देवी, माला देवी, संजिला देवी, शालों देवी, रानीवती देवी, गंगिया देवी, पूनम देवी, चांदनी कुमारी, रूबी कुमारी, शैल कुमारी और श्रीचंद सदा की पत्नी केवला देवी को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया है। उधर, भूमिहीन गरीबों को जमीन का स्वामित्व का एहसास सुखद अनुभूति दिला रही थी। महिलाओं ने इसके लिए बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान अंचलाधिकारी अभिषेक आनंद, अमीन लोकेश महराज, भाजपा के मंडल अध्यक्ष बबलू गुप्ता, मदन कर्ण, संजय मिश्रा संजू, संजीव झा मुन्ना सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।




