रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत् मधुबनी में जिलाधिकारी आनंद शर्मा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर 02) कामनी कौशल, एसडीओ चंदन झा, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन व अन्य पुलिसकर्मियों तथा प्रशासनिक कर्मियों ने संयुक्त रूप से किया। तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए स्थानीय जनता का उत्साहवर्धन करती हुई नगर के विभिन्न हिस्सों में पहुंची। यात्रा के दौरान अधिकारियों ने जमकर देशभक्ति के गीतों व नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज को प्रमुखता दी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि ये कार्यक्रम आगामी स्वतंत्रता दिवस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने को लेकर है। हर नागरिक के लिए यह हमारा दायित्व है कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएँ। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर शांति व सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि तिरंगा फहराते समय ध्वज संहिता का सम्मान करें और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रा के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी और कई स्थानों पर सहर के निवासियों ने खिड़कियों व बालकनियों से हाथ हीला कर एवं झांककर अभियान का समर्थन किया। प्रशासनिक व पुलिस कर्मियों ने भी सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे लगाकर और पम्पफलेट वितरित कर जनता को अभियान के महत्व के संबंध में जानकारी दिया। यात्रा का समापन मुख्य चौक पर सांकेतिक कार्यक्रम व राष्ट्रीय गान के साथ हुआ, जहाँ सभी ने मिलकर तिरंगे का अभिवादन किया और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।



