रिपोर्ट – सोनू सिंह!
नवादा जिले के रजौली के अमावां पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या 5 स्थित दरियापुर गांव में मंगलवार की शाम ठनका गिरने से धान रोपनी कर रहे तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ।जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा प्रखंड अंतर्गत मधेशरा गांव से 12 मजदूर धान रोपने के लिए रजौली आए थे। इनमें 8 मजदूर राजाबिगहा गांव में और 4 मजदूर दरियापुर गांव में मनोज यादव के खेत में धान रोप रहे थे।
मंगलवार की शाम को अचानक बादल गरजे और बारिश शुरू हो गई। मजदूर जैसे ही खेत से बाहर निकलने लगे, इसी दौरान तेज ठनका गिरा। इसकी चपेट में आए चार मजदूरों में से तीन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इस हादसे में मधेशरा गांव निवासी 60 वर्षीय मणि मांझी, इंदल मांझी के 18 वर्षीय पुत्र इंद्रजीत मांझी और रामप्रीत मांझी के 20 वर्षीय पुत्र राजेंद्र मांझी की मौत हुई है। वहीं अशोक मांझी के पुत्र रघुवर कुमार बाल-बाल बच गए। रघुवर ने बताया कि तीनों मृतक उनके चाचा और चचेरे भाई हैं। घटना की सूचना मिलते ही रजौली से दो एंबुलेंस और एएसआई संजय कुमार यादव पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है




