रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी, बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिलाओं को कुचलकर फरार हुई अज्ञात काले रंग की स्कॉर्पियो को पुलिस ने बरामद कर लिया है। वाहन की बरामदगी बेनीपट्टी थाना एवं हरलाखी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उमगाँव से की गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद से ही पुलिस दुर्घटना में शामिल काले रंग की स्कॉर्पियो की तलाश में जुटी हुई थी। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस द्वारा लगातार छानबीन की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को वाहन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उमगाँव से स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि बरामद स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। इससे पुलिस को हादसे में वाहन की संलिप्तता की जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस द्वारा वाहन को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया पूरी करते हुए कब्जे मे लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहन को जब्त कर बेनीपट्टी थाना लाया गया है।
गौरतलब है कि रविवार की सुबह बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अरेर थाना अंतर्गत हनुमान चौक नवटोली की तीन महिलाएं मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया था। जिस से तीनो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी थी।
हादसे के बाद से पुलिस लगातार उस काले रंग की स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश कर रही थी। वाहन बरामद होने के बाद अब पुलिस की जांच का अगला फोकस स्कॉर्पियो चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना के बाद चालक किस दिशा में फरार हुआ।
पुलिस वाहन के नंबर, उसके मालिक और चालक से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ-साथ हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। बरामद वाहन की तकनीकी एवं अन्य जांच के बाद दुर्घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की संभावना है।
पुलिस की इस कार्रवाई से हादसे के बाद मामले के उद्भेदन की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि, चालक की गिरफ्तारी और हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




