रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी, भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल जयनगर को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। एसएसबी, बिहार पुलिस एवं बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 200 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹1,59,000 नेपाली मुद्रा, दो मोटरसाइकिल एवं अन्य सामग्री बरामद करते हुए तीन भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
ये सफलता विश्वसनीय आसूचना के आधार पर सीमा चौकी बेतौन्हा के कार्यक्षेत्र में बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ एवं एसएसबी की संयुक्त विशेष छापेमारी टीम का गठन कर प्राप्त किया गया। संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 03 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र स्थित खैरामठ दक्षिण वार्ड में सुनियोजित तरीके से छापेमारी किया। जहां कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 200 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोटरसाइकिल, नेपाली मुद्रा एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट तथा नार्को डॉग स्क्वाड की सहायता से जांच की गई, जिसमें बरामद पदार्थ के मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। जिस के बाद छापेमारी टीम द्वारा 200 ग्राम ब्राउन शुगर,
नेपाली मुद्रा – रु. 1,59,000/-,
02 मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन को विधिवत जब्त करते हुए दोनो व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी टीम द्वारा किए गए संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार तीनों व्यक्ति भारतीय नागरिक हैं, जिनका पहचान
गांव खैरामठ, पोस्ट बेला, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार)। गांव एवं पोस्ट कमलाबाड़ी, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप मे बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर पश्चिम बंगाल के मालदा क्षेत्र से मंगाई जाती थी तथा इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में छोटे-छोटे पैकेटों में विभाजित कर नेपाल के नागरिकों को अवैध रूप से बेचा जाता था। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
बरामद मादक पदार्थ, नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई पूर्ण कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस थाना जयनगर को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस बाबत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने इस सफल व संयुक्त कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी, नकली भारतीय मुद्रा, हथियार एवं अन्य सीमा पार अपराधों के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने सीमा क्षेत्र के नागरिकों से अपील किया है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना तत्काल सुरक्षा बलों या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने एवं सीमा क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।




