दरभंगा-शॉर्ट सर्किट से मोटरसाइकिल गैरेज में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, चार बाइक भी खाक!

SHARE:

दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!

दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर चौक स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना में गैरेज में मरम्मत के लिए रखी चार मोटरसाइकिलें, मोटरसाइकिल के नए टायर, महंगे स्पेयर पार्ट्स तथा अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

पीड़ित गैरेज संचालक मुकेश कुमार गुप्ता, पिता रामा साह, निवासी रतनपुरा, एपीएम थाना, हायाघाट (दरभंगा) ने बताया कि उनकी मिर्जापुर चौक स्थित मोटरसाइकिल गैरेज में देर रात अचानक आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे आनन-फानन में अपने घर से दुकान पहुंचे। शटर खोलते ही दुकान से आग की तेज लपटें और धुआं निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली का मीटर जल चुका था और नीचे गिरा हुआ था। वहीं, मीटर के नीचे रखे नए टायरों में भी आग लग चुकी थी, जिससे आग ने देखते ही देखते पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में गैरेज में मरम्मत के लिए रखी चार मोटरसाइकिलें, बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स, नए टायर तथा अन्य सामान जलकर राख हो गए। रात का समय होने के कारण आसपास के लोग धीरे-धीरे घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

घटना की सूचना मकान मालिक राजाराम पासवान ने तत्काल अग्निशमन विभाग तथा बहादुरपुर थाना को दी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर आग पर लगभग 50 प्रतिशत तक काबू पा लिया था। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने शेष आग को पूरी तरह बुझाया। तब तक गैरेज में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

गैरेज संचालक मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। इस अग्निकांड में लगभग 12 से 13 लाख रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि गैरेज में चार मोटरसाइकिलें ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दी गई थीं, जिन पर काम चल रहा था। इसके अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल के बॉडी पार्ट्स भी आग की भेंट चढ़ गए। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और जीवन भर की जमा-पूंजी लगाकर उन्होंने यह व्यवसाय शुरू किया था, जो इस हादसे में पूरी तरह बर्बाद हो गया।

मकान मालिक राजाराम पासवान ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति अनियमित है। कभी 50 वोल्ट, कभी 70 वोल्ट, कभी 100 तो कभी 200 वोल्ट की आपूर्ति होती रहती है। लगातार हो रहे वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण कई घरों के टीवी, पंखे एवं अन्य विद्युत उपकरण पहले भी खराब हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते ग्रामीण आग बुझाने के लिए नहीं पहुंचते, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। गैरेज के ठीक बगल में इंडिया एटीएम स्थित है। लोगों की सूझबूझ से समय रहते एटीएम की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और लगातार पानी का छिड़काव किया गया, जिससे आग एटीएम तक नहीं पहुंच सकी। यदि आग एटीएम या पूरे भवन में फैल जाती, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से अनियमित विद्युत आपूर्ति की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पीड़ित गैरेज संचालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

बाइट:
(1)मुकेश कुमार गुप्ता

(2) राजाराम पासवान

Join us on:

और पढ़ें