रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकमा पंचायत के वार्ड संख्या-6 में आपसी जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान 60 वर्षीय एक वृद्ध की कथित रूप से धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि 12 वर्षीय बच्ची सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, सुपौल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नंदकिशोर महतो (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय बजरंगी महतो, निवासी एकमा ग्राम पंचायत वार्ड संख्या-6 के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के पुत्र दिनेश महतो ने बताया कि उनके परिवार का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण आरोपितों ने उनके पिता को घर से जबरन उठा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उनके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया हायर सेंटर पहुंचने के क्रम में ही उनकी मौत हो गई और
दिनेश महतो ने यह भी आरोप लगाया कि जब परिवार के अन्य सदस्य अपने पिता को बचाने पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के आठ लोग घायल हो गए, जिनमें एक 12 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने घटना के लिए गांव के ही श्याम सुंदर महतो, गंगाराम महतो, सरवन महतो, सीताराम महतो, बसंत महतो, पतलू महतो, डोम महतो और पिंकू महतो को जिम्मेदार ठहराया है। परिवार का आरोप है कि सभी आरोपित पहले से ही जमीन विवाद को लेकर धमकी देते रहे थे और सोमवार को सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद इतनी बड़ी घटना का रूप ले लेगा।
इधर, अस्पताल में घायल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।




