:- रवि शंकर अमित!
पालीगंज विधायक संदीप सौरभ के नेतृत्व में भाजपा नेता नीरज कुमार पर जानलेवा हमला, लूट और धमकी का आरोप, सचिवालय थाने में FIR दर्ज, गिरफ्तारी की मांग!
पटना, 23 जुलाई 2026:-
कल दिनांक 22 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे बी.पी. मंडल गोलंबर, देशरत्न मार्ग के समीप भाजपा पटना के पुनपुन मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रवासी कार्यकर्ता श्री नीरज कुमार पर पालीगंज के माले विधायक श्री संदीप सौरभ के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रही उपद्रवी भीड़ द्वारा जानलेवा हमला किया गया।
भाजपा के अनुसार श्री नीरज कुमार माननीय सहकारिता मंत्री श्री राम कृपाल यादव जी से मिलने उनके सरकारी आवास जा रहे थे, तभी विधायक संदीप सौरभ की उपस्थिति में सैकड़ों की संख्या में उपद्रवियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि विधायक द्वारा भीड़ को उकसाने के बाद नीरज कुमार के साथ लात-घूंसों, बेल्ट, डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में उनका हेलमेट टूट गया और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के दौरान हमलावरों ने नीरज कुमार की जेब से ₹15,000 नकद, गले से सोने की चेन और हाथ से दो सोने की अंगूठियाँ भी लूट लीं। घायल अवस्था में किसी तरह जान बचाकर वे अस्पताल पहुंचे। घटना का वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध है।
आरोप है कि घटना के बाद विधायक संदीप सौरभ ने नीरज कुमार को धमकी दी कि “यदि इस मामले में शिकायत या मुकदमा किया तो जान से मार दिया जाएगा और मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा।” इस कारण पीड़ित एवं उनका परिवार भयभीत है।
आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को नीरज कुमार ने सचिवालय थाना, पटना में विधायक संदीप सौरभ एवं अन्य अज्ञात उपद्रवियों के विरुद्ध मारपीट, लूट, जान से मारने का प्रयास, आपराधिक धमकी एवं अन्य संगीन धाराओं में प्रथम सूचना प्रतिवेदन (FIR) दर्ज कराया है। साथ ही दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
FIR दर्ज कराने के दौरान मौके पर पटना जिला ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष श्री रजनीश कुमार, बिक्रम के पूर्व प्रत्याशी श्री अतुल कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री राज कुमार शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश सह संयोजक श्री रजनीश तिवारी, बिक्रम विधानसभा संयोजक श्री नीरज कुमार, श्री अजीत शांडिल्य, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्री सौरभ मांझी एवं श्री शशिकांत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की गुंडागर्दी और जनप्रतिनिधि द्वारा भीड़ को उकसाकर हमला करवाना अत्यंत निंदनीय है। पार्टी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।




