रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
लखीसराय। जिले के बन्नू बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोहरी में तीन दिन से लापता बच्चे का शव बुधवार सुबह बरामद किया गया। मृतक की पहचान पताल कुमार पिता बहादुर बिंद उर्फ लाल बिंद (13 वर्ष) के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर बन्नू बगीचा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। शव को बरामद करने के लिए सुबह करीब आठ बजे कुंदर बराज का पानी अस्थायी रूप से बंद कराया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। मृतक बच्चे के चाचा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पानी काफी होने से पता नहीं चल पा रहा था लेकिन बेराज का पानी कम होने के उपरांत बच्चे का शव डूबने वाले स्थान से बीस फीट की दूरी पर बांस बीट के पास खोजबीन के बाद बरामद हुआ। वही इस दौरान गोहरी पंचायत के मुखिया रवीश चंद्र भूषण तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। वही अंचल अधिकारी रवि प्रसाद पासवान ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत मद से चार लाख रुपये, कबीर अंत्येष्टि योजना, पात्रता के अनुसार पारिवारिक लाभ योजना की सहायता दी जाएगी।




