नालंदा- खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी दूसरी ट्रक, चालक की मौके पर ही मौत!

SHARE:

रिपोर्ट- मिथुन कुमार!

नालंदा जिले में बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन यानी एनएच-20 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव के पास हुआ, जहां बिस्किट से लदा एक ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराया।

मृतक की पहचान नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के खजूरी बिगहा निवासी रामेश्वर प्रसाद यादव के 28 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है।

मृतक के भाई सुमंत कुमार ने बताया कि विपिन कुमार मुजफ्फरपुर से बिस्किट लादकर रांची जा रहे थे। रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल पावापुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर (मॉडल) अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हटाकर एनएच-20 पर यातायात सामान्य कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

Join us on: