रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध के उफनती कोसी नदी में बह रही एक युवती को समय रहते बचा लिया गया। कनीय अभियंता और एक मजदूर की सूझबूझ व साहस ने युवती की जान बचा दी, जिसके बाद एक ऐसी कहानी सामने आई जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
रात्रि ड्यूटी पर तैनात कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार ने बताया कि खाना खाने के बाद जैसे ही वे बाहर हाथ धोने निकले, तभी कोसी नदी की ओर से किसी युवती की “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनाई दी। बिना देर किए दोनों टॉर्च लेकर नदी की ओर दौड़े। मजदूर सुभाष कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती कोसी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाई गई युवती ने अपना नाम आशा कुमारी बताया, जो सदर प्रखंड के लखनिपट्टी की रहने वाली है। युवती ने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। करीब एक महीने पहले उसकी जबरन शादी दूसरे युवक से करा दी गई। वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी और अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी।
आशा का आरोप है कि मंगलवार की रात उसके मामा और बहनोई उसे प्रेमी से मिलवाने का झांसा देकर घर से निकले। रास्ते में पिपरा खुर्द के पास कोसी नदी पहुंचने पर दोनों ने उसे नदी में धक्का दे दिया। किसी तरह वह बहते हुए तटबंध के स्पर तक पहुंची और मदद के लिए आवाज लगाने लगी।
घटना की सूचना कनीय अभियंता चितरंजन कुमार ने तुरंत डायल-112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को अपने संरक्षण में लिया। डायल-112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवती को कोसी नदी से सुरक्षित निकाला गया है। युवती के आरोपों के आधार पर वरीय अधिकारियों को बता दिया जाएगा तथा वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की जांच की जाएगी




