रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सलहा पंचायत में मुखिया रीझन ठाकुर की अध्यक्षता व बीडीओ महेश्वर पंडित की उपस्थिति में मंगलवार को जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जल संकट, फ्लॉप पड़े नल जल योजना, दाखिल खारिज, परिमार्जन, पेंशन, राशनकार्ड, बिजली के झूलते तार, सड़क निर्माण, पीएम आवास योजना व कृषि सहित अन्य विभागों से जुड़ी कुल दो दर्जन से अधिक आवेदन जरुरतमंदों द्वारा जमा किये गए। जिसमें राशनकार्ड से संबंधित कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार शिविर में सबसे अधिक जल संकट से जुड़े मामले से संबंधित आवेदन आए। कई लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के प्रकोप से अधिकांश चापाकल सूखने के कगार पर पहुंच चुका है। पंचायत में एक भी नल जल योजना सुचारू रुप से काम नही कर रहा है। किसानों के बोरिंग से भी बहुत ही कम मात्रा में पानी निकल पा रहा है। सिचाई की समस्या बेहद जटिल हो चुकी है। वहीं कई लोगों ने यह भी बताया कि पंचायत के वार्ड 9,10 और 11 में खेतों में बेहद नीचे से 11 हजार वोल्ट का तार झूल रहा है, जो किसी बड़े हादसे को आमंत्रित कर रहा है। ग्रामीणों ने खुटौना से सलहा पंचायत सरकार भवन कार्यालय तक जानेवाली आरइओ सड़क को उखाड़कर छोड़ दिये जाने की भी शिकायत दर्ज कराई। लोगों का कहना था कि सड़क को उखाड़कर छोड़ देने से आवाजाही में बड़ी समस्या का सामना लोगों को करनी पर रही है। शिविर में आए हुए सभी अधिकारियों व कर्मियों को पाग व दोपट्टे से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को जल्द ही सभी समस्याओं के समाधान के दिशा में कार्य किये जाने का आश्वासन दिया। शिविर में पीएचसी प्रभारी डॉक्टर पीएन झा, विद्युत एसडीओ राहुल कुमार, बीसीओ सुरेश राम, मुखिया रीझन ठाकुर, पंचायत सचिव अजय कुमार राय, राजस्व कर्मचारी विकास कुमार यादव, पीआरएस खुशीलाल साह, एलएस सपना कुमारी व किसान सलाहकार विजय कुमार साह, पंचायत प्रतिनिधि सहित अन्य कय लोग मौजूद थे।



