रिपोर्ट :- संतोष चौहान
नेपाल में हो रही लगातार बारिश के चलते कोशी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। सोमवार रात 08 बजे जारी कोशी बराज की रिपोर्ट के अनुसार बराज से 2,55,425 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया, जो सुबह की तुलना में काफी अधिक है।
रिपोर्ट के अनुसार ईस्टर्न कोशी मेन कैनाल तथा वेस्टर्न कोशी मेन कैनाल में पानी का प्रवाह शून्य रहा। इस प्रकार कुल जलप्रवाह 2,55,425 क्यूसेक दर्ज किया गया।
वहीं,नेपाल के बराह क्षेत्र में सोमवार रात 08 बजे जलप्रवाह 1,45,175 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया।
कोशी नदी के बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन लगातार तटबंधों की निगरानी कर रही है। संवेदनशील स्थलों पर अभियंताओं एवं कर्मियों की तैनाती की गई है तथा स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचते हुए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। डीएम सावन कुमार ने तटबंध का निरीक्षण कर इंजीनियरों को निगरानी करने का सख्त निर्देश दिया है।




