रिपोर्ट- मनोज कुमार!
बड़ी खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां हड़बोड़ा नदी में नहाने के दौरान हादसा: एक बच्ची लापता, दो बचीं, बचाने गया युवक भी डूबा
नरकटियागंज। पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धूमनगर गदीयानी टोला के समीप हड़बोड़ा नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चियां डूब गईं। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की तत्परता से दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची अब भी लापता है। उसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंटू राम की 12 वर्षीय पुत्री प्रियंका नदी में डूबने के बाद लापता हो गई है। वहीं चंदू राम की 9 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और तारकेश्वर राम की 8 वर्षीय पुत्री रौशनी कुमारी को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी दौरान बच्चियों को बचाने के प्रयास में स्थानीय युवक रानू कुमार, जो सुखदेव राम का पुत्र है, भी नदी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस एसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है। टीम के पहुंचने तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। परिजन लापता बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद में नदी किनारे डटे हुए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।




