रिपोर्ट :- संतोष चौहान
स्मैक की खेप हेलमेट में छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर, जिसे किशनपुर थाना पुलिस ने धर दबोचा
सुपौल :- जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 204 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बाबू साहब पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर उत्तर की ओर की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक स्मैक की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान एक आरोपी के हेलमेट के भीतर विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया 204 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंगियावन गांव निवासी 23 वर्षीय अंकित कुमार उर्फ रामविलास तथा 24 वर्षीय किशोर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था।पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



