आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर के आरा स्थित नवीन पुलिस केंद्र में गुरुवार को पटना जिलाबल के प्रशिक्षु सिपाहियों का दीक्षांत परेड समारोह पूरे अनुशासन और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले जवानों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।
आरा के नवीन पुलिस केंद्र में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह के मुख्य अतिथि शाहाबाद क्षेत्र, डेहरी ऑन सोन के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षु सिपाहियों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। परेड के दौरान जवानों ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण की उत्कृष्ट झलक पेश की।
अपने संबोधन में पुलिस उप-महानिरीक्षक ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को बधाई देते हुए कहा कि वे सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा अपने उत्कृष्ट कार्यों से बिहार पुलिस की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत बनाएं।
समारोह में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षु सिपाही अब विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।




