रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर भी दिखने को मिल रहा है। निर्मली नगर पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय में शनिवार को चेतना सत्र के बाद पढ़ाई के दौरान अचानक चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं को चक्कर आने, घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी, जिससे विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए छात्राओं को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इनमें से एक छात्रा की स्थिति अधिक प्रभावित होने पर उसे इलाज के लिए स्थानीय एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य छात्राओं को प्राथमिक उपचार और आराम के बाद सामान्य स्थिति में बताया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बद्री नारायण वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह नियमित रूप से चेतना सत्र का आयोजन किया गया था। चेतना सत्र समाप्त होने के बाद सभी छात्राएं अपने-अपने कक्षाओं में चली गई थीं, जहां उपस्थिति पंजी में उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। इसी दौरान अचानक चार छात्राओं के स्वास्थ्य में बदलाव होने लगा। स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल उपचार की व्यवस्था की।
घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के अभिभावक भी अस्पताल और विद्यालय पहुंच गए। इस दौरान अभिभावकों में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल देखा गया।चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती छात्रा की स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा वह खतरे से बाहर है। प्रथम दृष्टया भीषण गर्मी और उमस को छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, चिकित्सकीय जांच और निगरानी के बाद ही स्थिति की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने की बात कही है।




