रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
राष्ट्रीय खेल दिवस एवं मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा साइकिल रैली का आयोजन
मधुबनी, राष्ट्रीय खेल दिवस एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर आज 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा जन-जागरूकता एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली में वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी हरेंद्र सिंह, उप कमांडेंट हरि नारायण जाट, उप कमांडेंट विमल गुप्ता, सहायक कमांडेंट नरेंद्र कुमार सिंह, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं वाहिनी के सभी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय, जयनगर से किया गया। रैली नेपाली रेलवे क्रॉसिंग होते हुए पटना गद्दी चौक, रेलवे स्टेशन रोड, शहीद चौक, जयनगर बाजार, वाटरवे चौक, एनएच-227 एवं पावर हाउस होते हुए पुनः वाहिनी मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान कार्मिकों द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस, खेलों के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। इस अवसर पर खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा समाज में खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रैली के दौरान विभिन्न प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को “खेलेंगे तो खिलेंगे”, “स्वस्थ भारत–सशक्त भारत”, “नशे से दूर रहें, खेलों से जुड़ें” तथा “खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं” जैसे संदेश दिए गए।
इस अवसर पर कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, टीम भावना एवं आपसी समन्वय का विकास होता है। उन्होंने वाहिनी के जवानों एवं आमजन से खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा बच्चों एवं युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
कमांडेंट ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन एवं खेल के प्रति समर्पण देश के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हमें मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
साइकिल रैली के माध्यम से 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा स्वस्थ जीवन, खेल भावना, अनुशासन एवं जन-जागरूकता का संदेश जनमानस तक पहुंचाया गया। वाहिनी के अधिकारियों एवं कार्मिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता तथा आमजन के सहयोग से साइकिल रैली का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




