रिपोर्ट- प्रमोद /सीवान
सीवान में बीच सड़क पर अचानक हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 6 लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के अस्पताल मोड़ के समीप की है। घायलों में रिंकू अली, नसरुल अंसारी, साजिद अली, अब्दुल्ला आमिर, मोहम्मद राजा और खालिद अहमद शामिल है। बताया जा रहा है कि अचानक हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। तार की चपेट में आने से वहां मौजूद 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना होते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों को भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।




