रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
भोजपुर। असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन के समीप शनिवार को भारतीय वायु सेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड अंतर्गत कायमनगर गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक दानिश आलम वीरगति को प्राप्त हो गए. हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय दानिश आलम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे.वह मोहम्मद फारूक आलम और अख्तरी बेगम के एकमात्र बेटे थे. उनके पिता गया जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. परिवार में उनकी दो बड़ी बहनें शगुफ्ता परवीन और गजाला परवीन हैं।परिजनों ने बताया कि दानिश का बचपन से ही देश सेवा का सपना था. अग्निवीर वायु योजना के तहत चयनित होने के बाद उन्होंने 29 जून 2025 को बिहटा एयरफोर्स स्टेशन में योगदान दिया था। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए कर्नाटक के बेलगांव भेजा गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पिछले वर्ष अक्टूबर से उनकी तैनाती असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर थी. परिवार ने बताया कि दानिश 23 मई को छुट्टी लेकर घर आए थे और 30 मई को वापस ड्यूटी पर लौट गए थे. उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घर के इकलौते पुत्र की शहादत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.दानिश की शहादत की खबर फैलते ही कायमनगर गांव में मातम छा गया.गांव के लोग, जनप्रतिनिधि और रिश्तेदार लगातार उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं.




