बेगूसराय-करंट की चपेट में आये बेटे को बचाने में माँ की गई जान, मचा कोहराम!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!

बेगूसराय में एक मां ने अपने बेटे की जान बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने के दौरान मां खुद बिजली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है।मामला बछवारा थाना क्षेत्र के चमथा गांव का है। मृतका की पहचान गांव निवासी मिनट राय की पत्नी रंजू देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि घर निर्माण का कार्य चल रहा था और बिजली पोल के पास पहले से पूस (फूस) रखा हुआ था। इसी दौरान महिला का बेटा पूस लाने गया, तभी वह करंट की चपेट में आ गया।परिजनों के अनुसार बेटे को तड़पता देख रंजू देवी दौड़कर मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे करंट से बचा लिया। लेकिन जैसे ही उन्होंने पोल के पास से पूस का बोझ उठाने की कोशिश की, वह खुद करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।घटना के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रसिद्ध एक तथाकथित ‘बिजली बाबा’ के पास ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहीं उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि यदि समय पर अस्पताल ले जाया जाता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।मां की इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर अंधविश्वास और झाड़-फूंक के भरोसे इलाज कराने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का भी कहना है कि बिजली का करंट लगने के बाद तत्काल चिकित्सकीय उपचार ही सबसे जरूरी होता है।घटना की सूचना मिलने के बाद बछवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

बाइट – बिकास कुमार, परिजन
बाइट – मिन्टु राय, ग्रामीण

Join us on: