रिपोर्ट -मनोज कुमार!
बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र के नरकटी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। 10 जून 2026 की रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक आम के बगीचे में एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एफएसएल टीम और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान दुपट्टे के सहारे एक महिला का शव आम के पेड़ से लटका मिला, जिसे उतारकर थाना लाया गया। अगले दिन शव की पहचान हेमलता कुमारी (24 वर्ष), पति गौतम काजी, निवासी नरकटी, थाना लौकरिया के रूप में हुई।
पति ने पूछताछ में कबूला जुर्म
शव की पहचान के बाद पुलिस अधीक्षक बगहा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम मृतका के ससुराल पहुंची। वहां घर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसी दौरान मृतका का पति गौतम काजी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। थाना लाकर पूछताछ करने पर उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
झगड़े के बाद ईख के खेत में की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 जून की शाम पत्नी के साथ उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने लाठी और कुदाल के बेंट से उसकी पिटाई की। कुछ देर बाद दोनों घर से निकलकर अलग-अलग दिशा में चले गए। बाद में ईख के खेत में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोपी ने आवेश में आकर पत्नी को जमीन पर पटक दिया और उसकी छाती पर चढ़कर दोनों हाथों से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटकाया शव
हत्या के बाद आरोपी कुछ समय तक छिपा रहा और अंधेरा होने का इंतजार करता रहा। रात में लोगों की आवाजाही कम होने पर उसने पत्नी के शव को आम के पेड़ के पास ले जाकर उसके दुपट्टे से गले में फंदा बनाकर पेड़ की टहनी से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या स्थल और शव लटकाए गए स्थान की पहचान की। घटनास्थल के पास से बिहार ग्रामीण बैंक का एक पासबुक भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




