रिपोर्ट : आदित्यानंद आर्य
सीतामढ़ी शहर से सटे प्रसिद्ध पुनौराधाम मंदिर के समीप बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘सीतापुरम ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ परियोजना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों का आक्रोश फूट पड़ा है। पुनौरा स्थित पंचायत सरकार भवन में बुधवार को प्रशासन और भू-स्वामियों के बीच आयोजित संवाद कार्यक्रम भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए इस आधिकारिक बैठक का पूरी तरह बहिष्कार कर दिया, जिसके कारण प्रशासनिक अधिकारी रे रूप मे आई डुमरा सीओ को बिना बातचीत किए बैरंग लौटना पड़ा।
दरअसल, पुनौराधाम में माता जानकी के भव्य मंदिर निर्माण के साथ ही सरकार इसके आसपास के 32 गांवों की करीब 32,000 एकड़ भूमि को टाउनशिप के रूप में विकसित करना चाहती है। इसके तहत चिन्हित कोर एरिया में जमीन की खरीद-बिक्री और नए निर्माण पर रोक लगा दी गई है, जिससे स्थानीय लोग बेहद नाराज हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस परियोजना और लैंड पुलिंग मॉडल के बहाने उनकी पुश्तैनी और उपजाऊ कृषि भूमि को छीना जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। जमीन जाने से उनके सामने परिवार पालने और बच्चों के भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं, प्रशासन का कहना है कि वे नागरिकों के भ्रम और समस्याओं को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल यह गतिरोध थमता नजर नहीं आ रहा है।
बाइट … पंकज रमन , जमीन मालिक
बाइट .. प्रमोद यादव , जमीन मालिक



