पटना से अमित कुमार की रिपोर्ट!
पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि वार्ड पार्षद के चुनाव को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के कारण अनिल यादव को निशाना बनाया गया था।
पुलिस के मुताबिक अनिल यादव और शंकर राय एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और दोनों के बीच वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते शंकर राय ने राहुल साहनी से संपर्क किया और राहुल साहनी ने अनिल यादव की हत्या की पूरी साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए शूटरों को अलग-अलग माध्यम से घटनास्थल तक पहुंचाया गया था। एक शूटर बाइक से मौके पर पहुंचा, वहीं दो अन्य शूटरों को राहुल साहनी के स्टाफ चंदन ने ऑटो से मंदिर के पास तक पहुंचाया। ऑटो चालक शम्भू ने दोनों को उतारा, जिसके बाद दोनों पैदल जाकर चोरी की बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में इस्तेमाल किए गए एक पिस्टल, एक कट्टा और ऑटो को बरामद किया है। अन्य शूटरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जांच में सामने आया है कि मुख्य साजिशकर्ता राहुल साहनी उर्फ नीरज का लंबा आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ 8 से अधिक मामले दर्ज हैं और वो 2012 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वहीं उसका स्टाफ चंदन भी पूर्व में शूटर रहा है और उसके खिलाफ भी 7 मामले दर्ज हैं।



