रिपोर्ट- अमित कुमार!
जहानाबाद में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासकर “सोने की बिस्किट” दिखाकर लोगों को झांसे में लेने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला को सोने की बिस्किट का लालच देकर उसके कान की सोने की बाली ठग ली गई। घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला माधुरी देवी ने बताया कि वह सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक से अपने घर मालचक जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। इसी दौरान ऑटो चालक उसे भ्रमित कर दूसरे रास्ते की ओर ले गया। महिला के अनुसार ऑटो में पहले से चार युवक बैठे हुए थे, जो आपस में सोने की बिस्किट को लेकर बातचीत कर रहे थे।
दोनों युवक महिला को यह कहकर लालच देने लगे कि उनके पास मौजूद सोने की बिस्किट काफी कीमती है और वे इसे घर नहीं ले जा सकते। ठगों ने महिला से कहा कि अगर वह अपने कान की पुरानी सोने की बाली दे दे तो बदले में सोने की बिस्किट ले सकती है। महिला ने जब सोनार के पास जाकर बिस्किट की जांच कराने की बात कही, तब ऑटो में बैठे लोगों ने उसे कान की बाली खोलकर हाथ में रखने को कहा और सोनार के पास चलने की बात कही। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसकी आंखों में किसी केमिकल या नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया गया, जिससे वह पूरी तरह भ्रमित हो गई और उसे कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद दरधा पुल के पास महिला को ऑटो से उतार दिया गया और ऑटो में बैठे सभी लोग फरार हो गए। महिला ने बताया कि उसके कान की करीब आठ आना वजन की पुरानी सोने की बाली ठग लेकर फरार हो गए। महिला का कहना है कि वह लालच में आ गई और इसी का फायदा उठाकर गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद शहर में चल रहे ऑटो चालकों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार के गिरोह ऑटो के माध्यम से सक्रिय हैं तो ऑटो संचालकों और ऑटो संगठन के पदाधिकारियों पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। स्थानीय लोगों के अनुसार जहानाबाद में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी हर्बल मोड़, फिदा हुसैन मोड़ समेत कई इलाकों में इस तरह की ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस अब तक इस गिरोह पर पूरी तरह अंकुश लगाने में सफल नहीं दिख रही है।
फिलहाल महिला ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उमेश कुमार, थाना प्रभारी, नगर थाना: महिला की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा, ताकि ऑटो और उसमें बैठे आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।”अब देखना होगा कि पुलिस इस गिरोह तक कब पहुंचती है और शहर में लगातार बढ़ रही ठगी की घटनाओं पर किस तरह लगाम लगाई जाती है।




