सुपौल- कथित अपहरण कांड में नया मोड़, 48 घंटे बाद सकुशल बरामद हुआ ‘लापता’ सुखलाल मेहता!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी पंचायत के सरहोचिया गांव में कथित अपहरण मामले में लापता बताये जा रहे सुखलाल मेहता को पुलिस ने 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुपौल सदर अस्पताल से सकुशल बरामद कर लिया है।
शनिवार को जिले के राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस – कॉन्फ्रेंस में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने मामले का उद्भेदन करते हुए बताया कि घटना के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, 6 मई की शाम सरहोचिया गांव स्थित नवनिर्मित पंचायत भवन के समीप पंचायत प्रवेश द्वार निर्माण कार्य में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर बलदेव यादव और सुखलाल मेहता के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सुखलाल की पत्नी कविता देवी ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि बलदेव यादव एवं अन्य लोगों ने हत्या की नीयत से उनके पति का अपहरण कर लिया है। मामले में राघोपुर थाना कांड संख्या दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोप के आधार पर रूपेश कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया। वहीं, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार की निगरानी में गठित टीम ने लगातार 48 घंटे तक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। घटना स्थल के आसपास मकई के खेतों में ड्रोन कैमरे से भी सघन खोजबीन की गई, हालांकि शुरुआती दौर में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
इधर, घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं थी और मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा था। इसी बीच शनिवार अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सुखलाल मेहता सुपौल सदर अस्पताल में इलाजरत है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और उन्हें बरामद कर राघोपुर थाना ले आई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में सुखलाल मेहता द्वारा अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि बलदेव यादव और उनके पुत्र रूपेश यादव को फंसाने की साजिश हो सकती है।
एसडीपीओ ने बताया कि सुखलाल मेहता का न्यायालय में धारा 183 के तहत बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, एसआई स्वीटी कुमारी, अमिय प्रसून, मुकुल आजाद, राजू कुमार, कैलाश राम, रौशनी कुमारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Join us on: