रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल:- सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू के निधन पर शनिवार को सुपौल नगर परिषद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। नगर परिषद सभागार में आयोजित इस सभा की अध्यक्षता सुपौल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने की। इस दौरान नगर परिषद के पदाधिकारी, वार्ड पार्षद एवं कर्मियों ने स्वर्गीय राजकुमार गुड्डू के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ज्ञात हो कि 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया के दौरान हुई गोलीबारी में राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली उनके सिर और सीने में लगी थी, जिसके बाद उन्हें पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 12 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद शनिवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इसी गोलीबारी की घटना में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले में मुख्य आरोपी रामधनी यादव की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि स्वर्गीय राजकुमार गुड्डू एक समर्पित और कर्मठ जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने हमेशा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया। उनका निधन नगर निकाय व्यवस्था के लिए अपूरणीय क्षति है।
वहीं कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि राजकुमार गुड्डू का व्यक्तित्व बेहद सरल और जनसेवा के प्रति समर्पित था। उनका योगदान हमेशा लोगों के बीच याद किया जाएगा। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।



