शेखपुरा- बाढ़ आने के पूर्व ही सभी प्रकार तैयारियां करने हेतु जिला पदाधिकारी ने दिए निर्देश!

SHARE:

रिपोर्ट -रविशंकर कुमार!

शेखपुरा :- आगामी मानसून और बाढ़ की संभावना को देखते हुए शेखपुरा जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयारी में है। जिसको लेकर आज दिनांक 08.05.2026 को श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी शेखपुरा की अध्यक्षता में अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु जिले का सबसे संवेदनशील क्षेत्र घाटकुसुम्भा रहा। जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट किया कि आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने घाटकुसुम्भा प्रखंड के लिए विशेष रणनीति बनाने का निर्देश देते हुए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा भी किए।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि पॉलिथीन शीट्स का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए और राहत शिविरों के लिए स्थलों का चयन पहले ही कर लिया जाए। साथ ही सामुदायिक रसोई के निर्माण की रूपरेखा तैयार रखने को कहा गया ताकि प्रभावितों को भोजन की कमी न हो। उन्होंने जलस्तर बढ़ने की स्थिति में आवागमन बाधित न हो, इसके लिए निजी व सरकारी नावों के पंजीकरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष मेडिकल टीम तैयार रखें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता और मोबाइल स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की योजना पर जोर दिया गया। जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशुचारे पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने तथा संबंधित पदाधिकारियों को संपर्क पथों के रखर-खाव का निर्देश दिया गया ताकि आपदा के समय संपर्क पथ न टूटे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने जिला आपदा पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे उन क्षेत्रों को चिन्हित करें जो बाढ़ से सबसे पहले और सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। इससे राहत एवं बचाव कार्य को सटीक दिशा मिल सकेगी। इस बैठक में जिले के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपदा पदाधिकारी,
जिला पशुपालन पदाधिकारी,
सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थें। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लें और किसी भी आपात स्थिति के लिए 24x7 तैयार रहें।

Join us on: