खड़ी बस में लगी आग, दमकल की देरी पर भड़का लोगों का गुस्सा, पुलिस की गाड़ी में की तोड़फोड़!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष चौहान, सुपौल।

सुपौल जिले के छातापुर बस अड्डे पर खड़ी बस में लगी भीषण आग, दमकल की देरी से भड़का लोगों का गुस्सा, पुलिस गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त, DM-SP के हस्तक्षेप पर मामला हुआ शांत

सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बस अड्डे पर बुधवार की देर शाम एक बड़ा हादसा सामने आया, जब खड़ी देव ट्रेवल्स की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद बस अड्डे पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही स्थानीय लोगों ने खुद ही उसे बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाल्टी से पानी और बालू डालकर करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दमकल वाहन के समय पर नहीं पहुंचने से लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।
बताया जाता है कि जब काफी देर बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तो आक्रोशित लोगों ने उसे खदेड़ दिया। इसके बाद गुस्साए लोग थाना पहुंच गए और वहां हंगामा किया। भीड़ ने थाना परिसर के पास खड़ी डायल 112 वाहन में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही सीसीटीवी कैमरा, यातायात पुलिस का बोर्ड और अन्य सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन भीड़ के आक्रोश के सामने बेबस नजर आई। पुलिस ने लोगों को शांत कराने की भरपूर कोशिश की, मगर स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही।
बस कर्मी मनोज भगत ने बताया कि बीआर 31 पी 8321 नंबर की बस रात करीब आठ बजे पटना के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं, डीएम सावन कुमार ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है , और मामले की जांच की जा रही है, वीडियो फुटेज के आधार पर ऐसे व्यक्ति को चिन्हित कर जो कानून को हाथ में लेकर उपद्रव मचाया है, सभी पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Byte :- सावन कुमार (DM) सुपौल।

Join us on: