:- रवि शंकर अमित!
जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासन द्वारा जिले में पेट्रोलियम उत्पादों एवं रसोई गैस की उपलब्धता तथा आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान 14 अप्रैल 2026 तक के प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तेल विपणन कंपनियों (IOCL, BPCL एवं HPCL) के प्रदर्शन से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिनांक 14.04.2026 को जिले में कुल 12,106 बुकिंग प्राप्त हुई, जिसके विरुद्ध 13,129 एलपीजी सिलेंडरों की सफलतापूर्वक डिलीवरी सुनिश्चित की गई। वहीं जिले में औसत दैनिक बुकिंग का आंकड़ा 4,303 दर्ज किया गया।
स्टॉक की स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में वर्तमान में कुल 18,911 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। कंपनीवार विश्लेषण में IOCL के पास 7,829, BPCL के पास 7,760 तथा HPCL के पास 3,322 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध पाया गया। इसके अतिरिक्त जिले का कुल औसत बैकलॉग 4.6 दिन दर्ज किया गया।
समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने संबंधित तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैकलॉग को कम करने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी करने तथा पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा 24×7 नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 तथा 9279808780 पर लोगो द्वारा की जा रही शिकायतों का निष्पादन किया जा रहा है।



