रिपोर्ट – अमित कुमार!
राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दानापुर थाना क्षेत्र में SP ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े 20 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना खरंजा रोड, न्यू ताराचक स्थित झपटिया मंदिर के पास की है। मृतक की पहचान झपटिया मंदिर निवासी प्रमोद राय के 20 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार उर्फ किट्टू के रूप में हुई है, जो गणेशदत्त मेमोरियल कॉलेज में पढ़ता था।
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रोशन अपने भाई बिट्टू से बाइक की चाबी लेकर घर से निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी और पैदल ही फरार हो गए। घायल रोशन को परिजन सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही ASP अजीत कुमार और दानापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और उसमें फंसी तीन गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, FSL टीम को बुलाया गया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



