:- रवि शंकर अमित!
आज दिनांक 15.04.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जीविका, बेगूसराय की समीक्षात्मक बैठक कारगिल विजय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में जीविका द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने जिले में संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों तथा आगामी रणनीतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। समीक्षा के क्रम में महिला सशक्तीकरण, स्वावलंबन, आजीविका संवर्धन तथा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों पर गहन चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने छोटे एवं सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए पारंपरिक गतिविधियों से आगे बढ़कर हस्तशिल्प, कला तथा नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी जीविका दीदियों तक वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करने के साथ-साथ कृषि, गैर-कृषि, पशुपालन एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार पर बल दिया। उन्होंने उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए जिला मुख्यालय में जीविका मार्ट की शुरुआत करने तथा इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी जीविका दीदियों को अवसर देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं, जिससे दीदियों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सकारात्मक सुधार आएगा।
बैठक में प्रखंड स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने हरित खाद के उत्पादन, उपयोग एवं विपणन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने जीविका दीदियों द्वारा संचालित “दीदी की रसोई” पहल की सराहना करते हुए इसे प्रखंड स्तर तक विस्तारित करने का निर्देश जिला परियोजना प्रबंधक को दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।



