बक्सर- शिक्षकों पर छात्राओं से दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल, मचा हड़कंप!

SHARE:

रिपोर्ट – धीरज कुमार!

बक्सर में शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। डुमरांव अनुमंडल के नथुनी अहीर डेरा मध्य विद्यालय के दो शिक्षकों पर विद्यालय से पास आउट हो चुकी दो छात्राओं के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोप है कि घटना का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। जबकि, शिक्षा विभाग भी सकते में आ गया। मामला सामने आते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षकों ने छात्राओं के साथ गंभीर अपराध किया है। इसलिए पुलिस को तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जबकि पुलिस भी आरोपों और वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना कब और कहां हुई, वीडियो किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया। फिलहाल दोनों शिक्षकों पर लगे आरोपों की जांच जारी है। पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है और वे दोनों शिक्षकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Join us on: