बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, घर में मचा कोहराम!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार


अरवल जिला के
बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, घर में मचा कोहराम थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अपनी बहन की शादी का निमंत्रण पत्र देने जा रहा था, तभी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामप्यारे दास पटना जिले के मसौढ़ी डीह गांव का निवासी था। वह अपनी बहन की आगामी शादी के सिलसिले में रिश्तेदारों को कार्ड देने के लिए बाइक से कुर्था जा रहा था। इसी दौरान किंजर-कोनहारा गांव के समीप एक अनियंत्रित वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन युवक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण काफी देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही किंजर थाना की पुलिस टीम एएसआई चंद्रदेव महतो के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अरवल सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान उसके बाइक नंबर के आधार पर की। परिवहन ऐप के माध्यम से जानकारी जुटाकर मसौढ़ी पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद परिजनों को घटना की खबर दी गई।
अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक की बहन की शादी 27 अप्रैल को तय थी, जबकि 23 अप्रैल को तिलक समारोह होना था। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और रामप्यारे खुद इस आयोजन में बढ़-चढ़कर जिम्मेदारी निभा रहा था। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Join us on: